29-May-2026
...


सुरक्षा कारणों से टली ब्रिज शुरू करने की तारीख एसडीएम गोपाल सोनी व एसडीओ अर्जुन सनोडिया ने किया निरीक्षण बालाघाट (ईएमएस). बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी मार्ग पर बने रेलवे ओव्हर ब्रिज (आरओबी) को 31 मई से यातायात के लिए खोलने की योजना फिलहाल टल गई है। फुटपाथ निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रारंभ नहीं करने का निर्णय लिया है। बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी मार्ग पर निर्मित रेलवे ओव्हर ब्रिज (आरओबी) से 31 मई से यातायात प्रारंभ किया जाना था। लेकिन 29 मई को बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी ने सेतु निर्माण संभाग के एसडीओ अर्जुन सनोडिया के साथ ब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज के ऊपरी हिस्से में फुपाथ निर्माण कार्य अभी अंतिम चरण में है, जिसे पूर्ण होने में लगभग दो से तीन दिन का समय और लगेगा। ऐसे में सुरक्षा एवं तकनीकी कारणों से 31 मई से यातायात प्रारंभ करना संभव नहीं होगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा कारणों से निर्माणाधीन ब्रिज का उपयोग न करें। कार्य पूर्ण होते ही घोषित होगी तिथि एसडीएम गोपाल सोनी ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और बचा हुआ कार्य समाप्त होते ही नई तिथि घोषित की जाएगी। ब्रिज पर रखा जा रहा सुरक्षा मानकों का ध्यान वहीं सेतु निर्माण संभाग के एसडीओ अर्जुन सनोडिया ने बताया कि ब्रिज पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। फुटपाथ निर्माण पूरा होने के बाद अंतिम निरीक्षण किया जाएगा, जिसके पश्चात ही यातायात शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस आरओबी के शुरू होने से बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय नागरिक इस ब्रिज के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।