29-May-2026
...


उच्च स्तरीय जांच की मांग, ग्रामीण बोले-गुणवत्ता से हुआ है निर्माण बालाघाट (ईएमएस). नगर से लगे भटेरा क्षेत्र में भटेरा मिलन चौक से अवंति बाई चौक तक बने सीसी रोड को लेकर विवाद तेज हो गया है। हाल ही में जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि महेश मोहारे द्वारा सडक़ निर्माण में घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाए गए थे। उन्होंने दावा किया था कि सडक़ दो से तीन महीने में ही खराब हो सकती है, जिसके बाद गांव की राजनीति गरमा गई है। सरपंच भोरसिंह मोहारे, उपसरपंच तेजलाल सुलाखे और पूर्व उपसरपंच दामोदर जंघेले सहित कई ग्रामीण सामने आए और आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया गया है तथा राजनीतिक कारणों से अनावश्यक आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग खराब सडक़ और धूल-मिट्टी की समस्या से जूझ रहे थे। सीसी रोड बनने के बाद आवागमन सुगम हुआ है और लोगों को बड़ी राहत मिली है। ऐसे में विकास कार्य को बदनाम करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। सरपंच भोरसिंह मोहारे ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराया गया है। यदि किसी को संदेह है तो प्रशासन निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराए, पंचायत हर जांच के लिए तैयार है। उपसरपंच तेजलाल सुलाखे ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि गांव के विकास कार्यों में बाधा डालने के उद्देश्य से इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। वहीं पूर्व उपसरपंच दामोदर जंघेले ने कहा कि निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक है, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और विकास कार्यों पर अनावश्यक विवाद समाप्त हो। इस दौरान पंच खुशयाल गराड़े, शंकर मोहारे, राम बम्बूरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 29 मई 2026