29-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के सभाकक्ष में 28 मई को शाखा प्रबंधकों, पर्यवेक्षकों एवं संस्था प्रबंधकों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक के सीईओ अभिनव सिंह बघेल एवं प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने बैंकिंग कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। बैठक में ऋण वसूली की वन-टू-वन समीक्षा करते हुए सीईओ बघेल ने निर्देश दिए कि सभी शाखाएं उन्हें आवंटित लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गत वर्ष की तुलना में कम वसूली होने पर संबंधित शाखाओं एवं समितियों के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी, जबकि बेहतर वसूली करने वाली शाखाओं एवं समितियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। उन्होंने समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे कालातीत एवं अकालातीत कृषकों से घर-घर जाकर संपर्क करें और वसूली कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करें। बैठक में खरीफ ऋण वितरण, वर्ष 2025-26 के कृषि ऋणों की समीक्षा, शाखा समायोजन, समिति निरीक्षण, पैक्स कम्प्यूटरीकरण तथा सहकारी से समृद्धि अभियान की भी समीक्षा की गई। समितियों को अन्य व्यवसायों के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें अतिरिक्त आय के स्रोत प्राप्त हो सकें। इसके अलावा समितियों के पुनर्गठन, मध्यमकालीन ऋण प्रकरण तैयार करने, समिति कर्मचारियों के खातों के संधारण, मत्स्य पालन एवं पशुपालन केसीसी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को जोडऩे के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को समय पूर्व रासायनिक खाद उठाव के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि खाद का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित हो सके। बैठक में चार्टर्ड अकाउंटेंट रविन्द्र वैद्य ने नए आयकर अधिनियम में हुए परिवर्तनों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्र. विपणन अधिकारी अशोक भवरे, शाखा प्रबंधक आशीष मिश्रा, ऋषि बिसेन, सुनील राहंगडाले, प्रकाश साहू, ऋषि हरिनखेड़े, मोरेश्वर फुंडे, ज्ञानचंद नेवारे, जयकुमार नंदनवार, आईआर भगत, मुकेश ठाकरे, गिरीश हनवत, रत्नषोघ भूरे, दीपक देशमुख, राजेश दुबे, अनिरुद्ध वागदे, दीनदयाल ठाकरे, दिलीप रामटेके, भूमेश्वरी नागेश्वर, लता गौतम, सारंग बिसेन, रौनक चैकसे, नीरज बिसेन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।