क्षेत्रीय
29-May-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) । नगर निगम के राजस्व विभाग में ट्रेड लाइसेंस बनाने और रिन्यूअल कार्य में लापरवाही सामने आने पर अपर आयुक्त राजस्व ने 11 राजस्व कर संग्राहकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नोडल अधिकारी राजस्व अनूप लिटोरिया ने बताया कि 29 मई को सुबह 11.30 बजे अपर आयुक्त राजस्व प्रदीप सिंह तोमर द्वारा विभागीय समीक्षा बैठक ली गई थी। बैठक में त्रैमासिक लक्ष्य के अनुसार नवीन और रिन्यूअल ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा की गई। समीक्षा में कई क्षेत्रों में लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम कार्य पाए जाने पर नाराजगी जताई गई। सबसे पहले क्षेत्र क्रमांक-3 के राजस्व कर संग्राहक आशीष सोन को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उल्लेख किया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में उनके द्वारा कुल 10 ट्रेड लाइसेंस बनाए गए थे, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक केवल 2 ट्रेड लाइसेंस रिन्यूअल और 1 नया ट्रेड लाइसेंस बनाया गया है। इसे सौंपे गए दायित्वों के प्रति लापरवाही माना गया है। इसके अलावा क्षेत्र क्रमांक-4 के भारत सिंह गुर्जर, क्षेत्र-7 के अंशुल पाराशर, क्षेत्र-10 के ऋषि कुमार, क्षेत्र-11 के धर्मेन्द्र धाकड़, क्षेत्र-14 के करीत गुर्जर, क्षेत्र-15 के मनोज राजपूत, क्षेत्र-18 के संजय रजक, क्षेत्र-19 के हेमंत शर्मा, क्षेत्र-21 के वेदांत सिंह जादौन और क्षेत्र-22 के दिनेश जाटव को भी नोटिस जारी किए गए हैं। अपर आयुक्त राजस्व ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानों और संस्थानों के 100 प्रतिशत ट्रेड लाइसेंस बनाए जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर आगे और सख्त कार्रवाई किए जाने के संकेत भी दिए गए हैं।