भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के आब्जर्वर्स ने भी जांची मकान सूचीकरण कार्य की गुणवत्ता, नहीं पाई गई कोई विसंगति निगम आयुक्त एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन ने मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर सभी संबंधितों के कार्यों की सराहना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं भोपाल(ईएमएस)। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शुक्रवार को भारत के महारजिस्ट्रार नई दिल्ली कार्यालय के निरीक्षण दल (आब्जर्वर्स) ने जनगणना मकान सूचीकरण कार्य की गुणवत्ता की जांच की तथा विभिन्न गणना ब्लाकों में स्थित मकानों के रहवासियों से जनगणना के संबंध में जानकारी व पूछे गये प्रश्नों के संबंध में चर्चा की साथ ही प्रगणकों से व्यवहारिक तौर पर आने वाली समस्याओं के संबंध में चर्चा भी की। निरीक्षण दल को जनगणना सूचीकरण कार्य में किसी प्रकार की कोई विसंगति नहीं मिली। जनगणना मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन ने मकान सूचीकरण कार्य से संलग्न सभी संबंधितों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण हो गया है। निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन ने जनगणना मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर विशेष रूचि लेकर मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले सभी प्रगणकों, समस्त सुपरवाईजर्स, चार्ज अधिकारीगण, मास्टर ट्रेनर, उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु किये गये कार्यों की सराहना करते हुए सभी संबंधितों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मकानों की गणना के कार्य की गुणवत्ता सहित विभिन्न पहलुओं की जांच भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के निरीक्षण दल में सम्मिलित वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी श्रीमती वरिंदर कौर एवं सांख्यिकी अन्वेषक अमरजीत कुमार द्वारा वार्ड क्रमांक 31 स्थित शिवनगर, वार्ड क्र. 43 स्थित ग्रीन मेनडोज कालोनी, वार्ड क्र. 59 स्थित वाल्मिकी मंदिर क्षेत्र विकास नगर सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कर मकान सूचीकरण ब्लाकों में कार्य की गुणवत्ता की जांच की साथ ही प्रगणकों द्वारा तैयार किये गये लेआउट मैप आदि की जांच की। निरीक्षण दल ने स्थानीय रहवासियों से भी जनगणना संबंधी प्रश्न पूछे और जनगणना के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की तथा प्रगणकों से कार्य के दौरान कठिनाईयों सहित अन्य समस्याओं के संबंध में चर्चा की। आब्जर्वर्स को कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी अथवा विसंगति प्राप्त नहीं हुई। इस दौरान उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, जनगणना निदेशालय के डिस्ट्रीक इंचार्ज मनोज सैनी व राहुल सैनी, मास्टर ट्रेनरद्वय सुरेन्द्र रधुवंशी व मुकेश नापित भी उपस्थित रहे।