30-May-2026
...


- परिजनों ने लगाया हत्या की कोशिश का आरोप, बाल-बाल बची यात्रियों की जान - पुलिस बोली- घबराहट में भागा, चालक हिरासत में, ट्रक भी जब्त - घटना का वीडियो भी सामने आया भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक रूहकंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भुवनेश्वर-कटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाई-टेक चौक के पास शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद बेखौफ ट्रक चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कार को हाईवे पर करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता चला गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह आगे बढ़ता रहा। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ट्रक को रोका जा सका। इस भयावह हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद अब एक नया और संवेदनशील विवाद खड़ा हो गया है। कार सवारों के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि ट्रक चालक ने महज लापरवाही नहीं की, बल्कि उसने जानबूझकर कार को घसीटा और यात्रियों की हत्या करने की कोशिश की। परिजनों के इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस अब इस मामले को केवल एक साधारण सड़क दुर्घटना के नजरिए से नहीं देख रही है। मंचेश्वर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस के अनुसार, अल्कोहल टेस्ट में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती पूछताछ के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि टक्कर के बाद चालक बुरी तरह घबरा गया था और इसी हड़बड़ाहट में वह गाड़ी रोकने के बजाय भगाने लगा। हालांकि, पुलिस परिजनों के दावों को खारिज नहीं कर रही है और आपसी रंजिश समेत सभी आपराधिक पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। - ईएमएस 30 मई 2026