30-May-2026
...


- वृद्ध दंपती की देखभाल के लिए दामाद के अलावा कोई दूसरा सहारा नहीं - वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अलर्ट - सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी की कड़ी निंदा कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के नारायणपुर इलाके में एक हिंदू परिवार को उनके मुस्लिम दामाद की वजह से कथित तौर पर डराने-धमकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। करीब तीन मिनट के इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोग एक बुजुर्ग हिंदू व्यक्ति के घर पहुंचकर उनकी बेटी और मुस्लिम दामाद को जबरन मोहल्ला छोड़ने का दबाव बनाते नजर आ रहे हैं। उनका आरोप है कि मुस्लिम दामाद की मौजूदगी से “हिंदू इलाके की संस्कृति नष्ट हो रही है।” यह पूरी घटना बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर-2 और नारायणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेराबेरी घोषपाड़ा इलाके की बताई जा रही है। वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग परिवार से यह पूछते सुनाई दे रहे हैं कि क्या घर के भीतर नमाज पढ़ी जाती है और क्या उनकी बेटी ने निकाह के बाद धर्म परिवर्तन कर लिया है। इस दौरान लव जिहाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया और पास में मंदिर होने का हवाला देकर सांप्रदायिक बातें कही गईं। इसके जवाब में परिवार के बुजुर्ग सदस्य लगातार हाथ जोड़कर यह समझाते दिखे कि उनकी बेटी की शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं और वे सभी एक दशक से यहाँ पूरी शांति के साथ रह रहे हैं। परिवार की महिला सदस्य ने बताया कि वृद्ध दंपती की देखभाल के लिए दामाद के अलावा कोई दूसरा सहारा नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस अंतरधार्मिक दंपती का एक नौ साल का बेटा भी है और बीते 10 सालों में कभी कोई विवाद नहीं हुआ। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह की धमकी की कड़ी निंदा की है। इस राजनीतिक घमासान पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि पार्टी के पास इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं आई है और प्रभावित परिवार को तुरंत पुलिस प्रशासन से संपर्क करना चाहिए। वहीं बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि हालांकि देर रात तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन शिकायत मिलते ही मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - ईएमएस 30 मई 2026