इन्दौर (ईएमएस) पुलिस मुख्यालय से प्राप्त टैबलेट को पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक कार्यक्रम में विभिन्न थानों के विवेचना अधिकारियों को उपलब्ध कराया। पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को आयोजित इस टेबलेट वितरण कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मयंक अवस्थी व आरके सिंह, डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़, डीसीपी जोन- 4 सुनील मेहता एवं अन्य पुलिस अधिकारी और थानों के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर के अनुसार पूर्व में अधिकारियों को 176 तथा नए 697 टैबलेट दिए हैं। इस प्रकार कुल 873 टैबलेट इंदौर पुलिस को मिले है। ये सभी टैबलेट थानों के विवेचना अधिकारियों को दिए जा रहे है। अधिकारी इसका उपयोग कर डिजिटल और अन्य प्रकार के साक्ष्यों का बेहतर संकलन, सुरक्षित प्रबंधन कर सकेंगे। आनंद पुरोहित/ 30 मई 2026