- टिटिलागढ़ में पाया गया काबू, टला बड़ा हादसा संबलपुर (ईएमएस)। संबलपुर रेल मंडल के केसिंगा स्टेशन से रात एक मालगाड़ी के गुजरने के दौरान उसमें अचानक आग लग गई। कोयले से लदी इस मालगाड़ी में रात करीब सवा सात बजे आग की लपटें उठती देखी गईं, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सुरक्षा उपाय अपनाए और स्थानीय दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालगाड़ी को रात लगभग सवा आठ बजे टिटिलागढ़ स्टेशन पर लाया गया, ताकि आग पर काबू पाया जा सके। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम रात करीब साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंच गई और फौरन राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। संबलपुर रेल मंडल से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड से मालगाड़ी के कुल पांच वैगन (डब्बे) प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद से ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और आपातकालीन टीमें स्टेशन पर मुस्तैद रहीं। रेलवे और फायर सर्विस के अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से टिटिलागढ़ में समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, प्रभावित रेक की आवश्यक मरम्मत कर उसे आगे रवाना करने की तैयारी की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना और बचाव कार्य के दौरान पैसेंजर (यात्री) ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी ट्रेनें अपने तय समय से चलती रहीं। रामयश/ईएमएस 30 मई 2026