राज्य
30-May-2026


- ड्राइवर की सूझबूझ से बची चार लोगों की जान - पूरी गाड़ी जलकर खाक जामताड़ा (ईएमएस)। जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेखपुरा गांव के पास एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक चलती ब्रेजा कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर कंकाल में तब्दील हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि कार में सवार चारों लोग वक्त रहते सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। मिली जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार चित्रा इलाके की ओर से जामताड़ा आ रही थी। जैसे ही गाड़ी शेखपुरा गांव के नजदीक पहुंची, अचानक उसके बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही चालक ने गजब की सूझबूझ दिखाई और तुरंत कार को सड़क के किनारे रोक दिया। चालक के इस त्वरित फैसले की वजह से कार में सवार सभी चार लोग समय रहते गाड़ी से नीचे उतर गए, जिसके तुरंत बाद कार धू-धू कर जलने लगी। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। हादसे को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। बाद में घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी। कर्माटांड़ थाना के एसआई विकास कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार सवार चारों लोग सुरक्षित हैं। रामयश/ईएमएस 30 मई 2026