राज्य
30-May-2026


* मौसम विभाग की भविष्यवाणी साबित हुई सही, काले बादलों और ठंडी हवाओं ने बदला माहौल अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बीच शनिवार तड़के से ही राज्य के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह-सुबह आसमान में घने काले बादल छा गए और कई क्षेत्रों में बारिश की शुरुआत के साथ ही वातावरण में ठंडक फैल गई। लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। अरवल्ली जिले के मालपुर क्षेत्र में बारिश की पहली फुहारों के साथ ही मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे, लेकिन बारिश ने उन्हें राहत पहुंचाई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ताजगी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव जारी रहने और कई क्षेत्रों में अधिक बारिश होने की संभावना है। विभाग की भविष्यवाणी के अनुरूप राज्य के विभिन्न जिलों में बादल, तेज हवाएं और बारिश का असर देखने को मिला। पंचमहल जिले के मोरवा हडफ और मोरा क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश ने दस्तक दी। बारिश शुरू होते ही मिट्टी की सोंधी खुशबू से पूरा वातावरण महक उठा। क्षेत्र के लोगों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया और गर्मी से राहत मिलने पर खुशी जताई। महीसागर जिले के लुणावाड़ा, वीरपुर, खानपुर और कडाणा क्षेत्रों में भी आसमान बादलों से ढका रहा। कई स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। बारिश की संभावना और बदले हुए मौसम को लेकर किसानों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि यह खेती के लिए लाभदायक माना जा रहा है। दाहोद जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली। लીમखेड़ा और संजेली क्षेत्रों में बारिश का माहौल बन गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित होने पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया। उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में भी मौसम सुहावना बना हुआ है। अरवल्ली जिले के मोडासा, शामलाजी और भिलोडा क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। बारिश की इस पहली दस्तक ने न केवल तापमान में गिरावट लाई है, बल्कि गर्मी और उमस से जूझ रहे लाखों लोगों के चेहरे पर भी राहत की मुस्कान लौटा दी है। सतीश/30 मई