राज्य
30-May-2026


- भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य का दावा- बातचीत हो चुकी है शुरू - सिंगूर का कलंक मिटाएगी भाजपा! - उद्योगपतियों को दिया सुरक्षा का भरोसा कोलकाता (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में टाटा समूह की बंगाल में वापसी कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिशा में शुरुआती बातचीत भी शुरू हो चुकी है। भट्टाचार्य ने कहा कि साल 2008 में टाटा मोटर्स के सिंगूर से बाहर जाने के कारण देशभर में यह गलत संदेश गया था कि पश्चिम बंगाल उद्योगों के अनुकूल नहीं है, लेकिन अब टाटा समूह की वापसी लगभग तय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि ऑटोमोबाइल क्षेत्र में नहीं, तो किसी अन्य बड़े सेक्टर के जरिए टाटा समूह को राज्य में वापस लाया जाएगा। सिंगूर में आयोजित ‘रीइग्नाइटिंग बंगाल्स इंडस्ट्रियल फॉर्च्यून’ कार्यक्रम में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद अगले 1000 दिनों के भीतर राज्य का कारोबारी माहौल पूरी तरह बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंगूर की जमीन का स्वरूप अब बदल चुका है, इसलिए यदि सिंगूर में संभव नहीं हुआ, तो बंगाल के किसी अन्य हिस्से में टाटा की परियोजना को स्थापित कराया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में तत्कालीन वामपंथी सरकार के दौरान भूमि अधिग्रहण के खिलाफ ममता बनर्जी के नेतृत्व में हुए तीव्र आंदोलन के कारण टाटा मोटर्स को अपनी नैनो कार परियोजना सिंगूर से हटाकर गुजरात के साणंद ले जानी पड़ी थी। तब तक कंपनी सिंगूर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर चुकी थी। इसके बाद एक मध्यस्थता न्यायाधिकरण ने वेस्ट बंगाल इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन को टाटा मोटर्स के नुकसान की भरपाई के लिए 766 करोड़ रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया था। शमिक भट्टाचार्य ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि भाजपा के शासन में व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप या दादागीरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति फैक्ट्री में पार्टी का झंडा लगाकर अनुचित दबाव बनाने या जबरन मजदूरी बढ़ाने की मांग करता है, तो उद्योगपति सीधे इसकी शिकायत करें, उन पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासनकाल के कारण बंगाल औद्योगिक विकास की रेस में पिछड़ गया। अब भाजपा राज्य में पूंजी-प्रधान और श्रम-प्रधान उद्योगों के बीच संतुलन बनाकर सामाजिक और आर्थिक ढांचे को मजबूत करेगी। इसके साथ ही उन्होंने सिंगूर में विकसित हो रहे नकली आभूषण (इमिटेशन ज्वेलरी) हब को प्रोत्साहन देने और फाल्टा स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन को फिर से पूरी तरह सक्रिय करने की बात भी कही। रामयश/ईएमएस 30 मई 2026