-2027 विधानसभा चुनाव से पहले मिले बड़े राजनीतिक संकेत -104 में से 56 निकायों पर कब्जा, कांग्रेस दूसरे स्थान पर -भाजपा और अकाली दल को सीमित सफलता चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब के हालिया निकाय चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आए इन परिणामों में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दिया है। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, जबकि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकीं। आठ नगर निगमों में हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने पांच नगर निगमों (बरनाला, मोहाली, मोगा, बठिंडा और बटाला) पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को कपूरथला नगर निगम में सफलता मिली, जबकि भाजपा ने अबोहर नगर निगम पर कब्जा जमाया। पठानकोट नगर निगम में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिल सका। नगर परिषद चुनावों में भी आम आदमी पार्टी का दबदबा कायम रहा। राज्य की 75 नगर परिषदों में से 40 पर पार्टी ने जीत हासिल की। कांग्रेस 18 परिषदों तक सीमित रही, जबकि अकाली दल को 10 और भाजपा को 4 परिषदों में सफलता मिली। तीन परिषदों में अन्य उम्मीदवार विजयी रहे। नगर पंचायतों में भी आम आदमी पार्टी सबसे आगे रही। 20 नगर पंचायतों में हुए चुनावों में पार्टी ने 11 पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को 5, अकाली दल को 2 और भाजपा को 1 नगर पंचायत में सफलता मिली, जबकि एक सीट अन्य उम्मीदवार के खाते में गई। यदि कुल 104 निकायों के परिणामों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी ने 56 निकायों में जीत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई। कांग्रेस को 24, अकाली दल को 12 और भाजपा को 6 निकायों में सफलता मिली। वार्ड स्तर पर भी आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। कुल 1,977 वार्डों में से 958 पर पार्टी उम्मीदवार विजयी रहे। कांग्रेस ने 397, अकाली दल ने 192 और भाजपा ने 172 वार्ड जीते। 251 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि बहुजन समाज पार्टी को 7 वार्डों में सफलता मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये नतीजे 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत हैं। वहीं विपक्षी दलों के लिए संगठनात्मक मजबूती और नई रणनीति तैयार करने की आवश्यकता का संदेश भी इन चुनाव परिणामों से मिला है। पंजाब की राजनीति में आने वाले समय में प्रतिस्पर्धा और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 30मई26