कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के कोरबा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कटबितला (बरीडीह) में एक निजी पावर प्लांट द्वारा प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के चलते प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम को बिना किसी कार्यवाही के वापस लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले में एसडीएम सरोज महिलांगे राजस्व अमले के साथ तथा उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ कटबितला गांव पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और अधिग्रहण प्रक्रिया का विरोध करते हुए अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों के भारी विरोध के कारण प्रशासनिक और पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2007 में ग्राम सभा का फर्जी प्रस्ताव तैयार कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उनका कहना है कि गांव की निस्तारी एवं सामुदायिक उपयोग की जमीन को जबरन अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्ताव में कई लोगों के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं तथा तत्कालीन सरपंच के नाम का भी दुरुपयोग किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना ग्राम सभा की वास्तविक सहमति के भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित फर्जी दस्तावेजों की जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में माहौल गर्म बना हुआ है। प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। 30 मई / मित्तल