राज्य
30-May-2026


कोरबा (ईएमएस) कोरबा वन मंडल के लेमरू वन परिक्षेत्र अंतर्गत लामपहाड़-बड़गांव क्षेत्र में कथित रूप से चल रही अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे दो वाहनों को जब्त किया है। मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार लेमरू रेंज के कक्ष क्रमांक पी-862 में कई दिनों से हरे-भरे वृक्षों की कटाई की जा रही थी। ग्रामीणों को पहले इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही और लकड़ी परिवहन की सूचना मिलने के बाद उन्होंने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में लगभग 10 से 12 दिनों से लकड़ी कटाई और परिवहन का कार्य जारी था। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर तथा छह चक्का मालवाहक वाहन सहित कटी हुई लकड़ियों को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार लकड़ियां सेमल प्रजाति के वृक्षों की हैं और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल के अंदर मशीनों से वृक्षों की कटाई कर पहले ट्रैक्टरों के माध्यम से लकड़ियों को मुख्य सड़क तक लाया जाता था, जिसके बाद बड़े वाहनों में भरकर अन्य स्थानों तक पहुंचाया जाता था। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है। 30 मई / मित्तल