राज्य
30-May-2026
...


चालक ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला सारंगपुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर सारंगपुर और पचोर के बीच शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां उदनखेड़ी के पास एक चलते ट्राले में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे ट्राले का अगला हिस्सा और टायर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। ​वायरिंग से आ रही थी बदबू, सड़क किनारे रोका वाहन प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेवात (हरियाणा) निवासी ट्राला चालक सद्दाम गुजरात के हलवल से एल्यूमिनियम के तारों की खेप लेकर बनारस (उत्तर प्रदेश) जा रहा था। शनिवार दोपहर जब वह उदनखेड़ी के समीप पहुंचा, तो उसे अचानक वाहन की वायरिंग जलने की तीव्र बदबू आई और केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए सद्दाम ने तुरंत ट्राले को सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गया। ​चालक के उतरते ही आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर जलते हुए ट्राले को देखकर हड़कंप मच गया और दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। ​घटना की सूचना मिलते ही उदनखेड़ी चौकी और पचोर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया और कुछ समय के लिए आवाजाही को रोका, ताकि कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में न आए। ​इसके साथ ही पचोर नगर पालिका से दमकल वाहन को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल की त्वरित कार्रवाई के चलते आग ट्राले के पिछले हिस्से में लदे एल्यूमिनियम के कीमती माल तक नहीं पहुंच सकी, जिससे लाखों का नुकसान होने से बच गया।​इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्राले का अगला हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में खराबी माना जा रहा है। पुलिस ने आगजनी का प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही नुकसान के वास्तविक आंकड़े और कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। नरेन्द्र जैन/ 30 मई /2026