राष्ट्रीय
30-May-2026
...


एसडीआरएफ ने अंधेरे और विषम परिस्थितियों के बीच चलाया रेस्क्यू देहरादून,(ईएमएस)। उत्तराखंड में जनपद उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एसडीआरएफ ने अंधेरे और विषम परिस्थितियों के बीच बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गंगनानी-भटवाड़ी मार्ग पर स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट भटवाड़ी की टीम उपनिरीक्षक गब्बर सिंह और पोस्ट उजेली की टीम आरक्षी शक्ति सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त पड़ा है। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल थे। एसडीआरएफ जवानों ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में घायल होने वालों में विमल कुमार प्रधान (61), उपासना प्रधान (54) निवासी भुवनेश्वर और यशवीर (35) निवासी पंजाब शामिल हैं। दुर्घटना में दामोदर हरीराम रामटेककर (77) एवं लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 ) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र की मृत्यु हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। सिराज/ईएमएस 30मई26