तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने इस बात पर नाराजगी जताई कि जब वह संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के नीतिगत अभिभाषण के लिए विधानसभा में मौजूद थे, तब ‘वंदे मातरम्’ पूरा नहीं गाया गया। उन्होंने कहा कि जब राज्यपाल ऐसे कार्यक्रमों में उपस्थित हों, तब उचित प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए। केरल विधानसभा में राज्यपाल के नीतिगत अभिभाषण से पहले और बाद में एक बैंड दल ने ‘वंदे मातरम्’ के शुरुआती अंतरे प्रस्तुत किए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विधानसभा से लौटने के बाद लोक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पहले से तय था कि जब भी राज्यपाल सदन में मौजूद हों, तब ‘वंदे मातरम्’ पूरा गाया जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में गीत केवल बजाया गया, गाया नहीं गया। आर्लेकर ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष तिरुवंचूर राधाकृष्णन से बात की है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले का समाधान किया जाएगा। वहीं केरल के सीएम वी डी सतीशन ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को पूरा गाना अनिवार्य नहीं है, क्योंकि इस संबंध में संसद ने कोई कानून पारित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा केवल कुछ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सिराज/ईएमएस 30मई26