-पीएम शहबाज ने किया वादा पूरा, लोगों को दी राहत इस्लामाबाद,(ईएमएस)। ग्लोबल टेंशन के पाकिस्तान में फिर पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए गए हैं। इस बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। बता दें ईरान और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग के बाद से ही पाकिस्तान की सरकार हर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा कर रही है। पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल, दोनों की कीमतों में प्रति लीटर 22 रुपए की कटौती की घोषणा की गई है। यह लगातार तीसरा हफ्ता है जब सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए हैं। सरकार ने इससे पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल प्रभाव से प्रति लीटर 6-7 रुपए की कटौती की थी। पिछली कटौती के बाद एचएसडी की कीमत 402.78 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत 403.78 रुपए प्रति लीटर हो गई थी। अब 22 रुपए की एक और कटौती से एचएसडी की नई कीमत करीब 380 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत करीब 381 रुपए प्रति लीटर है। वहीं, मिट्टी के तेल की कीमत 313.44 रुपए से घटाकर 272 रुपए कर दी गई है। बता दें पेट्रोल का इस्तेमाल मुख्य रूप से निजी परिवहन, छोटी गाड़ियों, रिक्शा और दोपहिया वाहनों में होता है, और इसका मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के बजट पर सीधा असर पड़ता है। हाई-स्पीड डीजल का इस्तेमाल मुख्य रूप से भारी परिवहन क्षेत्र और बड़े जनरेटरों में किया जाता है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस ताजा कटौती की घोषणा प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में की गई। बयान के मुताबिक पीएम शहबाज ने वादा किया था कि जैसे ही लोगों को राहत देने की गुंजाइश बनेगी, उन्हें यह राहत दी जाएगी। उन्होंने वादा पूरा किया। शहबाज के हवाले से कहा गया है कि लोगों को राहत देना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए से 115 रुपए पर पहुंच गई हैं। वहीं, डीजल भी 95 रुपए से 105 रुपए पहुंच गया है। मई महीने में ही पेट्रोल की कीमतों में 7.38 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 7.48 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। विश्लेषकों के मुताबिक ईंधन की कीमतों में यह वृद्धि परिवहन, भंडारण और आंशिक रूप से बिजली जैसे क्षेत्रों की लागत बढ़ाकर महंगाई पर सीधा असर डालेगी। सिराज/ईएमएस 30मई26