अंतर्राष्ट्रीय
30-May-2026


व्हाइट हाउस में उच्चस्तरीय बैठक वॉशिंगटन,(ईएमएस)। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ संभावित समझौते और युद्धविराम विस्तार को लेकर अपने सलाहकारों के साथ अंतिम निर्णय पर विचार कर रहे हैं। व्हाइट हाउस में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अमेरिका और ईरान के वार्ताकार 60 दिनों के युद्धविराम विस्तार के एक अस्थायी प्रारूप पर सहमत हुए हैं। हालांकि ईरानी पक्ष ने कहा है कि अभी किसी समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। मोहम्मद बघेर कालिबाफ ने कहा कि केवल आश्वासनों पर भरोसा नहीं किया जा सकता और किसी भी कदम से पहले दूसरी तरफ से ठोस कार्रवाई जरूरी है। वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी कहा कि वार्ता जारी है, लेकिन समझौता अभी अंतिम चरण में नहीं पहुंचा है। अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों पक्ष किसी सहमति पर पहुंचते हैं तो इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होगा। इसी के साथ ही क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा मिलने की संभावना बढ़ सकती है। हिदायत/ईएमएस 30मई26