शिवपुरी ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कृषि एवं खाद वितरण से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि खाद वितरण में अव्यवस्था नहीं होना चाहिए। पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों को खाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी प्रतिदिन साझा करने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसानों को जानकारी रहेगी और किसान अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होंगे। खाद वितरण और किसानों से संबंधित अन्य विषयों को लेकर आज कृषि विभाग के अधिकारियों और किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव, जिला अध्यक्ष बृजेश धाकड़, जिला सलाहकार समिति सदस्य हरवीर रघुवंशी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। बैठक में गेहूं उपार्जन के भुगतान, कृषि उपज मंडी में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए कैंप आयोजित करने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। एडीएम दिनेश शुक्ला ने बताया कि जिले में 1लाख 54 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई है, जिसमें कुल 302.14 करोड़ का भुगतान किसानों को होना है, जिसमें से लगभग 289 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है और जो भुगतान शेष है उसे भी जल्द किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। एनपीके खाद के उपयोग को प्रोत्साहित करें बैठक में चर्चा करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने यह भी कहा कि किसानों को एनपीके खाद के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसमें कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ ही अन्य सभी की भी भूमिका है। एनपीके खाद न केवल कृषि की लागत को काम करेगा बल्कि किसानों को अच्छी उपज भी मिलेगी। नैनो यूरिया का उपयोग भी किसानों के लिए लाभदायक है यह बात किसानों तक पहुंचाई जाए।