बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव 2026 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेशभर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बिलासपुर कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता और बैठक में चुनाव कार्यक्रम, सदस्यता अभियान, ऑनलाइन नामांकन और डिजिटल मतदान की विस्तृत जानकारी साझा की गई। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस बार पूरी चुनाव प्रक्रिया तकनीक आधारित होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी। मोबाइल ऐप से चलेगा पूरा चुनाव प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के जोनल रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट नरेंद्र कुमार बजाज ने बताया कि सदस्यता से लेकर नामांकन, मतदान और परिणाम तक की संपूर्ण प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से संचालित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित ऐप डाउनलोड कर अपना पंजीयन कराना होगा। इसके बाद दस्तावेज अपलोड करने, सदस्यता लेने और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 29 मई से खुला नामांकन का मैदान युवा कांग्रेस चुनाव के तहत ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से 13 जून 2026 तक चलेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए नामांकन 11 से 13 जून तक स्वीकार किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संगठन के भीतर नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं और कई युवा नेता अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं। 75 रुपये में सदस्यता, तभी मिलेगा वोट देने का अधिकार संगठन ने सदस्यता शुल्क 75 रुपये निर्धारित किया है। सदस्य बनने वाले 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदान का अधिकार मिलेगा। फर्जी सदस्यता पर रोक लगाने के लिए इस बार वोटर आईडी अनिवार्य किया गया है। आयु प्रमाण के रूप में 10वीं की अंकसूची, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट सहित अन्य मान्य दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को अपलोड करना होगा वीडियो चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को अपना 8 सेकंड का परिचयात्मक वीडियो भी अपलोड करना होगा। संगठन का मानना है कि इससे मतदाता उम्मीदवारों की पहचान और प्रोफाइल को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। 15 जून से होगी स्क्रूटनी नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 15 से 18 जून तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद आपत्तियों के निराकरण, नाम वापसी और अंतिम प्रत्याशी सूची जारी करने की प्रक्रिया पूरी होगी। पांच जोनों में बंटा प्रदेश, जेडआरओ करेंगे निगरानी चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोनोंमें विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं, जो सदस्यता अभियान, नामांकन और मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। महत्वपूर्ण पदों, विशेषकर जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। इन पदों पर राष्ट्रीय नेतृत्व की विशेष नजर रहेगी। ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का नियम लागू इस बार चुनाव में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का नियम सख्ती से लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए चुनाव नहीं लड़ सकेगा। संगठन ने चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता भी लागू कर दी है। एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों को राहत युवा कांग्रेस ने सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों को नामांकन शुल्क में विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। संगठन का मानना है कि इससे विभिन्न वर्गों के युवाओं की चुनाव में भागीदारी बढ़ेगी। चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन प्रेस वार्ता के बाद युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, युवाओं तक संगठन की पहुंच बढ़ाने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने युवाओं से बड़ी संख्या में सदस्यता लेने और संगठनात्मक चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मनोज राज 30 मई 2026