राज्य
30-May-2026


* गंभीर आरोपों और लगातार कानूनी झमेलों से तंग आकर जिला कलेक्टर को दी अर्जी सूरत (ईएमएस)| सूरत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को आवेदन देकर इच्छा-मृत्यु की अनुमति मांगी है। जानकारी के अनुसार, किरीट पटेल नाम के युवक का कहना है कि वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद और कानूनी प्रक्रियाओं के चलते वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में है। उनका आरोप है कि न्याय पाने के लिए वह कई सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला। सूरत निवासी किरीट पटेल ने अपनी पत्नी मनीषा चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि पत्नी कानूनी प्रावधानों का दुरुपयोग कर उन्हें और उनके परिवार को परेशान कर रही हैं। उनका यह भी कहना है कि विवादों के बाद उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी जाती है, जिससे वे लगातार दबाव में जीवन जी रहे हैं। युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पिछले विवाह से हुए बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने का उन्हें संदेह है। हालांकि इन सभी आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय सहित कई जगहों पर शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली। इसी निराशा के चलते उन्होंने जिला कलेक्टर से इच्छा-मृत्यु की अनुमति मांगी है। फिलहाल इस मामले में संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। युवक ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वह कोई कठोर कदम उठा सकते हैं। बताया जा रहा है कि किरीट पटेल और उनकी वर्तमान पत्नी दोनों के यह तीसरे विवाह हैं। सतीश/30 मई