मंडला (ईएमएस)। पवित्र पावन पुण्य सलिला मां नर्मदा के माहिष्मती घाट पर शुक्रवार को आयोजित संध्याकालीन पंचचौकी महाआरती का आयोजन सिंधी समाज मंडला के द्वारा भव्य रूप से संपन्न हुआ। बताया गया कि हर माह की 29 तारीख को सिंधी समाज को महाआरती का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरे माहिष्मती घाट पर भक्ति मय वातावरण हो गया। पंचचौकी महाआरती का आयोजन अमृता चौकी, रेवा चौकी, नर्मदा चौकी, शांकरी चौकी और मेकलसुता चौकी पर किया गया। भक्तों ने नर्मदा नदी में दीप प्रवाहित किए, जिससे नदी का जल दीपों की झिलमिलाहट से आलोकित हो उठा। इस दौरान “नर्मदाष्टक”, “त्वदीय पाद पंकजम्”, “नमामि देवी नर्मदे” और आरती “ॐ जय जगदीश हरे” ने भक्तों को भक्ति के सागर में डुबो दिया। महाआरती को लेकर समाज के सभी वर्गों में भारी उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है। इस पुनीत अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण शामिल हुए। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम है। आरती के पश्चात सभी को प्रसादी का वितरण किया गया। पंचचौकी महाआरती न केवल एक धार्मिक आयोजन है बल्कि यह श्रद्धालुओं के लिए नर्मदा मां के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त करने का एक विशेष अवसर भी बन चुका है। ईएमएस/मोहने/30 मई 2026