राज्य
30-May-2026


शव न देने पर घमापुर थाने में हंगामा जबलपुर (ईएमएस)। घमापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया जब 22 वर्षीय युवक साहिल पासी का शव परिजनों को नहीं सौंपे जाने पर परिवार और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण उन्हें बेटे की मौत की सूचना तक नहीं दी गई। मृतक साहिल पासी, निवासी सदर, के परिजनों के अनुसार साहिल कुछ दिन पहले लापता हो गया था। जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट रांझी थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि 29 मई को साहिल का शव सतपुला रेलवे ट्रैक पर मिला, लेकिन घमापुर पुलिस ने इसकी जानकारी परिवार को नहीं दी। परिजनों को जब अन्य स्रोतों से बेटे की मौत की खबर लगी तो वे शव लेने घमापुर थाने पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने अब तक पार्थिव शरीर परिवार को सुपुर्द नहीं किया है, जिसके कारण अंतिम संस्कार नहीं हो पा रहा है। एसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित.......... शव न मिलने से आक्रोशित परिजनों के साथ जय महाकाल संघ, अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल और हिंदू धर्म सेना संगठन के कार्यकर्ता घमापुर थाने पहुंचे। सभी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मृतक का शव तत्काल परिजनों को सौंपने की मांग की। बाद में सभी पीड़ित परिवार और संगठन के कार्यकर्ता जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है, हमने रांझी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगर समय पर पुलिस सतर्क होती तो शायद साहिल बच जाता। मौत के बाद भी हमें सूचित नहीं किया गया और अब शव भी नहीं दिया जा रहा। हम बेटे का अंतिम संस्कार भी नहीं कर पा रहे। सुनील साहू / मोनिका / 30 मई 2026/ 05.54