- 609 मामलों में वसूला गया जुर्माना - 14 जून तक मंडल में जारी रहेगा विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर नियंत्रण के लिए विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर स्टेशन और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 609 मामलों में कुल 4 लाख 2 हजार 610 रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सदैव उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी आवश्यक बताया गया है। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय धरोहर है और इसकी स्वच्छता, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। - 25 ट्रेनों में की गई सघन जांच सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल की टीम शामिल रही। जांच के दौरान बिलासपुर स्टेशन और यहां से गुजरने वाली 25 ट्रेनों की सघन जांच की गई। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों के टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लगेज बुकिंग की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। - बिना टिकट यात्रियों पर सख्त कार्रवाई अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 417 मामलों से 3 लाख 7 हजार 800 रुपए जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट के 180 मामलों से 93 हजार 610 रुपए और बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों से 1 हजार 200 रुपए की वसूली की गई। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - 30 मई 2026