बिलासपुर (ईएमएस)। सरस्वती शिशु मंदिर की योजना के तहत कोनी स्थित प्रांतीय प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित 15 दिवसीय आचार्य सामान्य प्रशिक्षण शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए आचार्य एवं दीदियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का शुभारंभ 14 मई 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति ललित प्रकाश पटेरिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ था। कार्यक्रम में संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण साहू एवं ग्राम शिक्षा समिति छत्तीसगढ़ के रतनलाल जलधारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वर्गाधिकारी ठाकुर राम कुर्रे ने बताया कि प्रशिक्षण में प्रदेशभर से आए 80 पुरुष आचार्य एवं 132 दीदियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक नई शिक्षा नीति आधारित विषयों के साथ भारतीय संस्कृति, शारीरिक शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा सहित प्रतिभा विकास के 18 विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में प्रतिदिन विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय वक्ताओं का मार्गदर्शन भी प्राहुआ। इनमें श्रीराम आवरकर, शशिकांत फडके, डॉ. देवनारायण साहू, संजय यादव, गौरीशंकर कटकवार, जितेन्द्र परिहार, जुड़ावन सिंह ठाकुर, अखिलेश मिश्र, देवकीनंदन चौरसिया, रूपनारायण सिन्हा, सुदामा रामसाहू, दिव्या चंदेल, संतोष कुमार निषाद, चिंता राम साहू, जगदीश यादव एवं दिनदयाल यादव शामिल रहे। समापन समारोह शुक्रवार शाम 5 बजे आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जुड़ावन सिंह ठाकुर, रतनलाल जलधारी एवं सुदामा रामसाहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्वागत गीत, अतिथि परिचय, प्रशिक्षित आचार्यों द्वारा सामूहिक गीत एवं शारीरिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण पत्रिका का विमोचन भी किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जीवन में निरंतर सीखने की ललक ही व्यक्ति को आगे बढऩे की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम की जानकारी ग्राम भारती जिला बिलासपुर के संचार प्रमुख महेश कुमार सूर्यवंशी ने दी। - 30 मई 2026