- पानी भरने से रोका तो टैंकर कर्मी पर जानलेवा हमला, आरोपी आसू सोनी पर केस दर्ज - छोटा लुहारपुरा में टैंकर कर्मी को पीटा: मना करने पर फेंकी बाल्टी, नाक में गंभीर चोट शिवपुरी (ईएमएस)। शहर के छोटा लुहारपुरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर पानी के विवाद में एक युवक ने नगर पालिका के टैंकर कर्मी पर लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया। हमले में कर्मी की नाक फट गई और उसे गंभीर चोट आई है। मेमदपुर थाना सिरसौद निवासी फरियादी मजबूत सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त शिवसिंह धाकड़ के साथ टैंकर से पानी का वितरण कर रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे दिनेश रेडियो के सामने वाली गली में आसू सोनी नामक युवक जबरन टैंकर के ऊपर चढ़कर पानी भरने लगा। जब मजबूत सिंह ने उसे रोका और नियम से पानी भरने को कहा, तो आरोपी भड़क गया। उसने मां-बहन की गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आसू सोनी ने हाथ में ली लोहे की भारी बाल्टी खींचकर मजबूत सिंह पर मार दी। बाल्टी सीधे उसकी नाक पर लगी, जिससे नाक फट गई और तेज खून बहने लगा। घटना के समय मौके पर मौजूद रामेश्वर कुशवाह और दिलीप रजक ने बीच-बचाव कर आरोपी को रोका, वरना हमला और गंभीर हो सकता था। घायल मजबूत सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आसू सोनी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि गर्मी में पानी की किल्लत के चलते शहर में टैंकर से जल वितरण किया जा रहा है। ऐसे में टैंकर कर्मियों पर हमले की घटनाएं चिंताजनक हैं। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/30/05/2026