नोट कृपया समाचार फोटो सहित लगाने की कृपा करें। - बाबा का हुआ श्रंगार। शाजापुर (ईएमएस)। पवित्र अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के मौकेे पर शहर के धानमंडी स्थित प्राचीन ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में इन दिनों शिव भक्ति का अनूठा उल्लास देखने को मिल रहा है। अधिक मास के पावन अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ का विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया जा रहा है। इसी कड़ी में महादेव को राजस्थान के प्रसिद्ध लोकदेवता बाबा खाटूश्याम के स्वरूप में सजाया गया, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर के पुजारी पंडित ओमप्रकाश गोस्वामी द्वारा भगवान ओंकारेश्वर महादेव का यह भव्य और अलौकिक श्रृंगार किया गया। बाबा को रंग-बिरंगे फूलों, विशेष वस्त्रों और आभूषणों से सुसज्जित कर हूबहू खाटूश्याम जी का स्वरूप प्रदान किया गया। पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि अधिक मास में शिव आराधना और उनके विभिन्न स्वरूपों के दर्शन का विशेष महत्व है, इसी उद्देश्य से भक्तों को बाबा के इस नयनाभिराम स्वरूप के दर्शन कराए गए। दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़ महादेव के खाटूश्याम स्वरूप में दर्शन की खबर जैसे ही श्रद्धालुओं को लगी, धानमंडी स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लग गया। बाबा के इस मनमोहक रूप को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे। इस दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और जय श्री श्याम के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण भी किया गया। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 30 मई 2026