क्षेत्रीय
30-May-2026
...


संभल (ईएमएस)। यूपी के संभल जिले में अपने भाई के बच्चों के मुंडन संस्कार में मायके आई महिला एवं उसकी नातिन की ट्रैक्टर ट्रॉली से नीचे सड़क पर गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए है। जानकारी के मुताबिक संभल के ग्राम समसपुर गंग के रहने वाले अतर सिंह के दो बच्चों का मुंडन संस्कार सांकरा गंगा घाट पर हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए अतर सिंह की बहन थाना रजपुरा के पवसरा गांव की रहने वाली रामसनेही (45) पत्नी कुंवर सिंह अपनी तीन वर्षीय नातिन नेहा पुत्री सुनील कुमार के साथ आई थीं। बच्चों का मुंडन संस्कार होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। जलालपुर गांव में मंदिर मोड़ के पास ट्रॉली में सवार रामसनेही व उनकी नातिन नेहा ट्रॉली से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर चीख पुकार मच गई। सूचना दिए जाने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जितेन्द्र 30 मई 2026