अलीगढ़ (ईएमएस)। एएमयू के पूर्व छात्र और सऊदी अरब स्थित प्रिंस सत्ताम बिन अब्दुलअजीज विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य विभाग में एप्लाइड लिंग्विस्टिक्स के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुहैब आलम को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान के लिए कॉलेज के डीन द्वारा रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार विश्वविद्यालय के शोध प्रोफाइल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ बनाने वाले असाधारण शोध कार्यों और उपलब्धियों के सम्मान में प्रदान किया गया। चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के रिसर्च एंड ग्रेजुएट स्टडीज डीनशिप द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मानकों के आधार पर की गई, जिनमें शोध की गुणवत्ता, उद्धरण प्रभाव (साइटेशन इम्पैक्ट), अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा समग्र शोध योगदान प्रमुख रहे। एप्लाइड लिंग्विस्टिक्स, अंग्रेजी भाषा शिक्षण, शैक्षिक प्रौद्योगिकी और शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले डॉ. आलम को प्रिंस सत्ताम बिन अब्दुलअजीज विश्वविद्यालय के 3,025 शोधकर्ताओं में से शीर्ष पाँच शोधकर्ताओं में स्थान प्राप्त हुआ। डॉ. आलम ने स्कोपस और वेब ऑफ साइंस सूचीबद्ध प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में 60 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है, बल्कि वैश्विक स्तर पर एएमयू के पूर्व छात्रों की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी रेखांकित करती है। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 30 मई 2026