अलीगढ़ (ईएमएस)। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना कार्य को नगर निगम क्षेत्र में निर्धारित समयावधि से पूर्व पूर्ण कर करने वाले सुपरवाइजर व प्रगणक को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम जनगणना के प्रथम चरण के लगभग चारो जोन में 85ः कार्य को पूर्ण कर लिया गया है शेष जनगणना कार्य को 20 जून से पूर्व कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में नगर निगम द्वारा नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने पूर्ण निष्ठा, लगन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्य को सफलता पूर्वक संपादित किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्कृष्ट कार्य करते हुए जनगणना संबंधी दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया जिस पर इन सभी कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस कार्य के सफल संचालन में चार्ज अधिकारी बेचन प्रसाद, सुपरवाइजर डॉ. जयवीर उपाध्याय तथा जोन-2 के समस्त सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद अलीगढ़ में जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न किया गया। नगर आयुक्त ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के सफल निर्वहन पर सभी प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं संबंधित कार्मिकों की सराहना करते हुए उनके योगदान को जनहित एवं राष्ट्रहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 30 मई 2026