कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स और जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई नरसिंहपुर, (ईएमएस)। . जिले में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स और जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने निर्देशित किया कि जिले में जन्म से 5 वर्ष की आयु तक के सभी बच्चों को पल्स पोलिया की दवा पिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पल्स पोलियो की खुराक लेने से वंचित नहीं होना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विकासखंड वार तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विकासखंडों के लिए माइक्रो प्लान के अनुसार बूथ संचालन, घर-घर भ्रमण, दवा वितरण, मॉनीटरिंग एवं जन जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने निर्देशित किया कि दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों के बच्चों तक इस अभियान को पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा जिले के प्रवासी परिवारों, बस स्टेंड व रेलवे स्टेशन आदि सार्वजनिक स्थलों पर विशेष टीमों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के तहत जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनय ठाकुर ने इस अभियान के संबंध में बिंदुवार जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि जहां गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कम हैं, वहां आशा कार्यकर्ता और एएनएम से सर्वे कराकर शतप्रतिशत पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। इस संबंध में बीएमओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता के साथ बैठक आयोजित की जाए। गर्भवती माताओं का पंजीयन शहरी नरसिंहपुर और ब्लॉक चांवरपाठा में सबसे कम है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने शहरी नरसिंहपुर और ब्लॉक चांवरपाठा में शत प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिवस फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी और ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक को अपने अग्रिम भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अप्रारंभ आयुष्मान आरोग्य मंदिर के एक कक्ष में आयुष औषधालय और आंगनबाड़ी केन्द्र लगाने के निर्देश दिए। एचपीव्ही वैक्सीनेशन की वृद्धि के लिए निजी चिकित्सकों से प्रचार- प्रसार कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जनप्रतिनिधियों से सम्पर्क कर अधिक से अधिक फूड बास्केट प्राप्त करने को कहा। जो भी जनप्रतिनिधि, समिति या समिति का कोई सदस्य जिले में सर्वाधिक फूड बास्केट दान देगा, उन्हें स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निराकरण तत्परता से किया जाए। अधिकारी फील्ड विजिट के दौरान टीकाकरण कार्ड का अवलोकन अनिवार्य रूप से करें। ईएमएस/ राहुल वासनिक/ 30 मई 2026