कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हलकों में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अभिषेक बनर्जी को इलाज के लिए कोलकाता के बेले व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें डिस्चार्ज किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री की अस्पताल प्रबंधन के साथ तीखी बहस की खबरें सामने आ रही हैं। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। इस वायरल ऑडियो में बनर्जी कथित तौर पर अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी को बांग्ला और अंग्रेजी में फटकार लगाती हुई सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा, मिस्टर टंडन, माफ कीजिए, लेकिन आपने गलत काम किया है। याद रखिए कि हमने आपकी कितनी मदद की है। भगवान आपको माफ नहीं करेगा। आप लोगों को गुमराह कर रहे हैं। आपको शर्म आनी चाहिए। हर कोई आपके इस अहंकार को याद रखेगा। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने अस्पताल की प्रक्रिया पर उंगली उठाते हुए पूछा कि अगर अभिषेक बनर्जी की हालत गंभीर नहीं थी, तो उन्हें आईटीयू (इंटेंसिव थेरेपी यूनिट) में क्यों रखा गया था? और अगर उनकी स्थिति नाजुक थी, तो अब किसके दबाव में उन्हें इतनी जल्दी रिलीज कर दिया गया? मुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षा में एक बड़ी चूक करार दिया। ममता बनर्जी ने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी के शरीर में चोट के कारण खून के थक्के जमे हुए हैं। अगर उन्होंने हादसे या हमले के वक्त हेलमेट नहीं पहना होता, तो उनकी मौके पर ही मौत हो जाती। उन्होंने घोषणा की कि अब अभिषेक का इलाज घर पर ही अस्पताल की तरह किया जाएगा, जहां ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य सभी जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि अभिषेक को कुछ भी होता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर अस्पताल प्रबंधन ही जिम्मेदार होगा। उन्होंने इस पूरी स्थिति को लोकतंत्र की हत्या बताया और स्थानीय विपक्षी नेताओं के साथ-साथ जांच एजेंसी सीआईडी की कार्यप्रणाली पर भी जमकर निशाना साधा। वीरेंद्र/ईएमएस/31मई 2026