व्यापार
31-May-2026


- घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतें 31 मई को अपरिवर्तित रहीं नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली, मुंबई सहित देश के प्रमुख शहरों में आज 31 मई को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलेंडरों के दाम यथावत रखे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को फिलहाल किसी नई बढ़ोतरी या राहत का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह स्थिरता ऐसे समय में आई है जब पिछले तीन महीनों में ईरान युद्ध के चलते विभिन्न ईंधनों (एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोल और डीजल) की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। राजधानी दिल्ली में र‎विवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये है। कोलकाता में यह 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये पर बिक रहा है। गौरतलब है कि युद्ध शुरू होने के बाद से घरेलू सिलेंडर का दाम 60 रुपये महंगा हो चुका है। वहीं पिछले महीने व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों में 900 रुपये का भारी इजाफा किया गया था, जिसके बाद से इनमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में व्यावसायिक सिलेंडर आज 3071.50 रुपये में उपलब्ध है। इन सबके बीच केंद्र सरकार ने देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन दिया है। सरकार का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी स्टॉक मौजूद है। केंद्र ने घरेलू कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जिसके परिणामस्वरूप मौजूदा समय में एलपीजी उत्पादन 52,000 टन के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियमों को भी कड़ा कर दिया गया है। अब बिना ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) के सिलेंडर प्राप्त करना संभव नहीं होगा। इसके अलावा, सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की न्यूनतम अवधि निर्धारित की है, यानी इस अवधि से पहले एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग नहीं की जा सकेगी। ये नियम कालाबाजारी रोकने और आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में मदद करेंगे। सतीश मोरे/31मई ---