- पश्चिमी सिंहभूम में दिल दहला देने वाली वारदात चाईबासा (ईएमएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के खेड़ियाटांगर गांव में एक पिता द्वारा अपनी ही 6 वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंझारी थाना क्षेत्र के इस गांव में आरोपी पिता लालसिंह पूर्ति ने कथित तौर पर अपनी सबसे छोटी बेटी सोनिया पूर्ति पर उस वक्त डंडे से हमला कर दिया, जब वह घर में सो रही थी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को ग्रामीण तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के समय आरोपी का व्यवहार बेहद असामान्य था। उसने बेटी की जान लेने के बाद अपनी पत्नी और अन्य ग्रामीणों पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में कर लिया। टांगर पोखरिया के मुखिया मंगल सिंह पूर्ति और मृत बच्ची की मां ने बताया कि लालसिंह पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। बीमारी के कारण उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। वह पिछले दो-तीन दिनों से न तो ठीक से खाना खा रहा था और न ही दवाइयां ले रहा था। इस खौफनाक कदम से उसका पूरा परिवार तबाह हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामयश/ईएमएस 31 मई 2026