नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई से मुंबई जा रही सिटीफ्लो यात्री बस में एक 20 वर्षीय युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में उल्वे पुलिस ने खारघर निवासी 45 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता, जो स्वयं भी खारघर की रहने वाली है, ने अपनी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार सुबह नवी मुंबई से मुंबई की ओर सिटीफ्लो बस में सफर कर रही थी। इसी दौरान बस में मौजूद एक व्यक्ति ने उसे बार-बार अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर युवती ने उसका विरोध किया और उसे फटकार लगाई। मुंबई पहुंचने के बाद पीड़िता ने सीधे शिवड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि घटना अटल सेतु पर शिवाजी नगर, उल्वे के पास टोल प्लाजा पार करने के लगभग 300 मीटर आगे हुई थी। इसलिए मामले को ‘जीरो एफआईआर’ के तहत उल्वे पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित कर दिया गया। उल्वे पुलिस स्टेशन की अधिकारी पीएसआई रमा धावरे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर महिला की मर्यादा भंग करने की नीयत से हमला करने या आपराधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, जिस धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है, उसमें दोषी पाए जाने पर सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान है। इसलिए कानून के अनुसार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया। इसके बजाय उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत नोटिस जारी कर जांच में सहयोग करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस स्टेशन तथा अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और बस में मौजूद अन्य यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं। स्वेता/संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस