31-May-2026
...


- मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर के लिए जारी किया येलो अलर्ट मुंबई, (ईएमएस)। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहे तापमान से परेशान लोगों को रविवार सुबह बड़ी राहत मिली। शनिवार देर रात से ही मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बारिश के कारण कुछ जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ और लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा। उधर रविवार सुबह हुई बारिश ने मुंबईवासियों को गर्मी से राहत दी। शहर और उपनगरों में कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उपनगरों के कुर्ला, सांताक्रूज, अंधेरी, गोरेगांव और बोरीवली में तेज बारिश हुई, जबकि पूर्वी उपनगरों के घाटकोपर और विक्रोली क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ठाणे, कल्याण और पालघर में भी बारिश ने दस्तक दी। बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में बादल छाए रहे और मौसम में ठंडक महसूस की गई। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने इस सुहावने मौसम का आनंद लिया। हालांकि, रविवार होने के बावजूद काम पर निकलने वाले लोगों को बारिश के कारण कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुंबई में बारिश का असर सबसे पहले उपनगरीय रेल सेवाओं पर देखने को मिलता है। हालांकि रविवार को मेगा ब्लॉक होने के बावजूद मध्य, हार्बर और पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं और किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं मिली। लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि बारिश की तीव्रता बढ़ती है, तो रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और पालघर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई में रविवार से अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उधर पालघर और ठाणे जिलों के लिए भी सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में सोमवार और मंगलवार को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है। फिलहाल मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर सकता है। - ३१ मई/२०२६/ईएमएस