राष्ट्रीय
31-May-2026


नागपुर,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के नागपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मैट्रिमोनियल एप पर जीवनसाथी की तलाश कर रही महिला को कथित तौर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का शिकार बनाया गया और महिला से करीब 15 लाख रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय पीड़िता का संपर्क मैट्रिमोनिय एप के जरिए राघवेंद्र किशोर अवस्थी नामक व्यक्ति से हुआ था। आरोपी राघवेंद्र ने खुद को तलाकशुदा बताकर महिला को विश्वास दिलाया कि उसकी पहली पत्नी का निधन हो गया है। शादी के वादे के साथ दोनों के बीच बातचीत आगे बढ़ी और विश्वास का रिश्ता कायम हुआ। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला से आर्थिक मदद मांगनी शुरू कर दी। आरोपी कभी नई जिम खोलने, कभी कारोबार शुरू करने जैसे बहानों से महिला से अलग-अलग किस्तों में कुल 14 लाख 80 हजार रुपये ऐंठ लिए। महिला ने रिश्ते को मजबूत मनाकर मदद की। समय बीतने के साथ, जब महिला को आरोपी के दावों पर संदेह होने लगा, तब पता चला कि राघवेंद्र ने अपनी पहली पत्नी के बारे में झूठी जानकारी दी थी और वह जीवित है। जब महिला ने शादी और अपने पैसों के बारे में सवाल किया, तब आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू किया। शिकायत में मारपीट के आरोप भी शामिल हैं। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर, पीड़िता ने आखिरकार नागपुर के यशोधरा नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और जांच के बाद आरोपी राघवेंद्र किशोर अवस्थी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आशीष दुबे / 31 मई 2026