राष्ट्रीय
31-May-2026


रांची (ईएमएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के खेड़ियाटांगर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी छह वर्षीय बेटी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय सोनिया अपने घर में सो रही थी, जब उसके पिता लालसिंह ने अचानक उस पर डंडे से हमला किया। इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई। परिजन और लोगों की मदद से बच्ची को तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित किया। लोगों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी लालसिंह का व्यवहार बेहद उग्र हो गया था। उसने अपनी पत्नी और आसपास मौजूद लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह आरोपी को काबू में कर एक पेड़ से बांध दिया। मृत बच्ची की मां और मुखिया के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था और अनियमित व्यवहार कर रहा था। वह नियमित रूप से दवा भी नहीं ले रहा था, जिससे उसका व्यवहार सामान्य नहीं लग रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। आरोपी लालसिंह को गिरफ्तार किया गया है और न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। आशीष दुबे / 31 मई 2026