क्षेत्रीय
31-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर के अधूरे स्काईवॉक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि स्काईवॉक को तोड़कर वहां फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि स्काईवॉक परियोजना भाजपा शासनकाल के भ्रष्टाचार का प्रतीक बन चुकी है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि स्काईवॉक अब शहरवासियों के लिए समस्या का कारण बन गया है। उन्होंने दावा किया कि इसके पैनल लगातार गिर रहे हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। कांग्रेस ने सरकार से इस परियोजना को समाप्त कर शहर की यातायात जरूरतों के अनुरूप फ्लाईओवर बनाने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा सरकार ने बिना पर्याप्त आवश्यकता और औचित्य के स्काईवॉक परियोजना शुरू की थी। उनके अनुसार, परियोजना का निर्माण शुरू होने के समय भी शहर के नागरिकों, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न वर्गों ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि स्काईवॉक आज भी भाजपा सरकार द्वारा किए गए कथित वित्तीय दुरुपयोग और गलत प्राथमिकताओं की याद दिलाता है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अधूरे स्काईवॉक को पूरा करने पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बजाय सरकार को शहर की वर्तमान और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि शहर की जनता स्काईवॉक परियोजना को दोबारा शुरू किए जाने के निर्णय से सहमत नहीं है और सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अधूरी परियोजना को पूरा करने के लिए सार्वजनिक धन खर्च करना संसाधनों की बर्बादी होगी। पार्टी ने राज्य सरकार से शहरहित में वैकल्पिक योजना तैयार करने और फ्लाईओवर निर्माण पर विचार करने की मांग की है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/31 मई 2026