क्षेत्रीय
31-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार से वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग हितग्राहियों को पिछले छह माह का बकाया सामाजिक सुरक्षा पेंशन तत्काल एकमुश्त भुगतान करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पेंशन राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की भी मांग उठाई है। धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 19 लाख से अधिक हितग्राही पिछले छह माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशान हैं और भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पेंशन नहीं मिलने से वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोगों को दवाइयों, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बिजली, रसोई गैस, खाद्य सामग्री, दवाइयों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में 500 रुपये मासिक पेंशन वर्तमान परिस्थितियों में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से महंगाई को देखते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण समय पर पेंशन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पेंशन भुगतान में देरी के लिए कभी केंद्र सरकार तो कभी केवाईसी प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहरा रही है, जबकि वास्तविक समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तत्काल लंबित पेंशन राशि का भुगतान करे और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन में वृद्धि कर लाभार्थियों को राहत प्रदान करे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/31 मई 2026