मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने विभिन्न निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण व भूमिपूजन नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार सभी वर्गों की चिंता कर उनके समग्र विकास के लिए काम कर रही है। सरकार बच्चों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। नागरिकों के आवागमन के लिए गांव-गांव तक पक्की सड़कों और पुल-पुलियो का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना प्रारंभ कर गरीब परिवारों के लिए पक्के मकानों में रहने का सपना पूरा किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत गांव-गांव में पक्के आवासों का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री श्री सिंह शनिवार को जिले के विकासखंड सांईखेड़ा के ग्राम घूरपुर में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, श्री मिनेन्द्र डागा, श्री सुरेश श्रीवास्तव, श्री मोहरकांत पटेल, श्री चंद्रकांत शर्मा, श्री राजेश पटेल, जिला पंचायत सदस्य सुश्री अंजु शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंत्री श्री सिंह ने आयोजित कार्यक्रम में ग्राम घूरपुर में 72 लाख 33 हजार रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य स्वीकृत वर्ष 2025-26 में 133 आवास निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने गरीबों के उपचार की चिंता करते हुए आयुष्मान योजना लागू की है। जिससे आयुष्मान योजना के हितग्राही 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज करा सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आपातकालीन चिकित्सा के लिए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा संचालित की है। इस सेवा के माध्यम से गंभीर रूप से घायल या बीमार मरीजों को दूरदराज के क्षेत्रों से बड़े अस्पतालों में एयरलिफ्ट किया जा रहा है। जिससे मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सके। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत हर साल किसानों के बैंक खातों में 12 हजार रुपये अंतरित की जा रही है। सरकार बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दे रही है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें, साईकिल, गणवेश प्रदान कर रही है। सरकार ने मुख्यमंत्री विवाह/ निकाह योजना लागू कर माता-पिता के लिए बेटियों की शादी करने की चिंता को दूर कर दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों के बैंक खातों में प्रति माह 1500 रुपये की राशि अंतरित कर रही है। लाड़ली बहनों को त्यौहारों के अवसर पर अतिरिक्त राशि देने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसानों के चेहरों में प्रसन्नता है, क्योंकि प्रदेश में किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है। मंत्री श्री सिंह ने आयोजित कार्यक्रम में शादी व अन्य कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक भवन व गार्डन विकसित करने के लिए 40 लाख रुपये और गौशाला में तारफेसिंग के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने भी संबोधित किया। ईएमएस/मोहने2 31 मई 2026