राज्य
31-May-2026
...


5 जून से 21 जून तक होंगे जनसंपर्क, पौधारोपण, स्वच्छता और योग कार्यक्रम जबलपुर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भाजपा जबलपुर महानगर की कार्यशाला रविवार को रानीताल स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला प्रभारी आलोक संजर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि पर्यावरण दिवस से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले इस अभियान में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, विकास कार्यों के अवलोकन, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, प्रबुद्धजन संपर्क, प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाएं और योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं, जिन्हें जनता तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने का आह्वान... जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा महानगर इकाई द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर पार्टी कार्यालय में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई। सुनील /शहबाज / 31 मई 2026/ 07.00