राज्य
31-May-2026
...


‎भागलपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भागलपुर की जीवनरेखा माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया और उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल पर बने वैकल्पिक बेली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए कहा कि पुल को अस्थायी रूप से जल्द ही चालू किया जाएगा, तब तक आम लोगों और निजी वाहन चालकों के लिए गंगा पार आवागमन की निःशुल्क व्यवस्था सरकार करेगी। पुल के तीन स्लैब बदले जाएंगे और विशेषज्ञ एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर आगे का स्थायी कार्य पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु केवल एक पुल नहीं, बल्कि भागलपुर और कोसी-सीमांचल क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक धड़कन है। सेतु के सुपर स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच दो विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा पूरी कर ली गई है, जबकि एक अन्य एजेंसी से भी विस्तृत परीक्षण कराया जाएगा ताकि सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि सेतु के तीन स्लैब में क्षति और स्क्रैच पाए गए हैं, जिन्हें हटाकर नए स्लैब लगाए जाएंगे। यदि आगे की जांच में अन्य स्लैब बदलने की आवश्यकता सामने आती है तो उन्हें भी तत्काल बदला जाएगा। सरकार का दावा है कि मरम्मत और पुनर्निर्माण के बाद विक्रमशिला सेतु पहले से अधिक मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप में तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यों की समय-सीमा तय करते हुए कहा कि वे 30 नवंबर को फिर भागलपुर पहुंचकर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करेंगे। तब तक बेली ब्रिज के माध्यम से यातायात बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही छोटे वाहनों और आम लोगों की आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनजीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस