राज्य
31-May-2026
...


:: मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर लोकतंत्र हत्या दिवस पर होगा प्रांतीय सम्मेलन; इस बार बदला गया आयोजन का स्थान :: इंदौर (ईएमएस)। लोकतंत्र सेनानी संघ का प्रांतीय सम्मेलन इस वर्ष आगामी 26 जून को लोकतंत्र हत्या दिवस के अवसर पर भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष आमंत्रण पर होने वाला यह गरिमामय आयोजन प्रतिवर्ष मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर होता रहा है, लेकिन इस बार वहाँ निर्माण कार्य चलने के कारण कार्यक्रम के स्थान में बदलाव किया गया है। भोपाल में आयोजित लोकतंत्र सेनानी संघ की प्रदेश कार्य समिति की अहम बैठक से लौटकर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा आदित्य ने रविवार को यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक ने बताया कि इस प्रांतीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 1200 लोकतंत्र सेनानी अपने परिवारजनों सहित सम्मिलित होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के लोकतंत्र प्रहरियों को भी इस विशेष आयोजन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भोपाल में संपन्न हुई इस कार्य समिति बैठक में संगठन की मजबूती और सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें समूचे प्रदेश के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मोहन बिटवेकर, राजनारायण अग्निहोत्री, संभागीय प्रभारी बाबूलाल ताम्रकार, गणेश अग्रवाल, विपिन शेखावत, महेंद्र नाहर, राजेन्द्र ताम्रकर, महेंद्र गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, संतोष तैहिया, नरेन्द्र सांखला, सुरेन्द्र द्विवेदी, अंजनि सिंह तथा अजय औरंगाबादकर उपस्थित थे। इनके साथ ही इंदौर के महामंत्री गोपालदास अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरोत्तम माहेश्वरी, प्रहरी संघ के संभागीय संयोजक विपिन शेखावत और कोषाध्यक्ष रमेश मंदवानी सहित विभिन्न जिलों के अनेक प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश महासचिव सुरेन्द्र द्विवेदी ने किया तथा आभार दिलीप शर्मा भोपाल ने व्यक्त किया। प्रकाश/31 मई 2026 संलग्न चित्र - भोपाल में लोकतंत्र सेनानी संघ की प्रदेश कार्य समिति की बैठक का शुभारंभ करते प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक एवं अन्य पदाधिकारी। दूसरे चित्र में मंच पर मौजूद सेनानी संघ के पदाधिकारी।