राज्य
31-May-2026


:: 3 जून को पुरुषोत्तम मास चतुर्थी व्रत का सामूहिक उद्यापन, 61 माताएं होंगी शामिल; दोपहर 3 बजे निकलेगी शोभायात्रा :: इंदौर (ईएमएस)। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार 1 जून से विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम पर सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को आचार्य पंडित राहुल कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से प्रभु श्रीराम की दिव्य लीलाओं का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। भागवताचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री इससे पूर्व नेपाल सहित देश के चारों धामों पर भागवत कथा का दिव्य अनुष्ठान संपन्न कर चुके हैं। न्यास के अध्यक्ष पंडित दिनेश शर्मा एवं मातृशक्ति प्रकोष्ठ की ओर से मुख्य यजमान पुष्पा-अशोक शर्मा, साधना शर्मा, भारती शर्मा और पिंकी शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि विद्याधाम परिसर में श्रीराम कथा का यह मंगलमय आयोजन 7 जून तक प्रतिदिन दोपहर बाद 3.30 से शाम 7.30 बजे तक चलेगा। कथा का विधिवत शुभारंभ सोमवार को दोपहर 3 बजे विद्याधाम परिसर में ही निकलने वाली एक भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जिसमें समाज की महिलाएं और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इस सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान बुधवार 3 जून को एक विशेष आयोजन भी होने जा रहा है। इसके अंतर्गत पुरुषोत्तम मास की चतुर्थी का कठिन व्रत रखने वाली 61 माताओं के व्रत का सामूहिक उद्यापन विद्याधाम परिसर में ही किया जाएगा। इस चतुर्थ उद्यापन अनुष्ठान में शामिल होने वाली सभी 61 व्रतधारी महिलाओं के लिए न्यास और मातृशक्ति प्रकोष्ठ द्वारा परिसर में विशेष और सुव्यवस्थित प्रबंध किए जा रहे हैं। न्यास पदाधिकारियों ने इंदौर के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से इस कथा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। प्रकाश/31 मई 2026