व्यापार
01-Jun-2026
...


- सोना 1300 से ज्यादा टूटकर ,59,500 के करीब, चांदी 2,66,091 प्रति किलोग्राम नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी के वायदा भाव में सोमवार को नरमी का रुख देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 1,300 रुपये से अधिक की गिरावट के साथ 1,59,541 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट शुरुआती तेजी के बाद लुढ़ककर 2,66,091 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इन कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 718 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,193 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,60,911 रुपये था। दिनभर के कारोबार में यह और कमजोर हुआ और खबर लिखे जाने तक 1,370 रुपये की गिरावट के साथ 1,59,541 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान सोने ने 1,60,193 रुपये का उच्च और 1,59,350 रुपये का निम्न स्तर छुआ। इस साल सोने के वायदा भाव ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का सर्वोच्च स्तर भी देखा था। चांदी के वायदा भाव की शुरुआत हालांकि तेज रही। एमसीएक्स पर जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 1,095 रुपये की तेजी के साथ 2,68,093 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,66,998 रुपये था। लेकिन, बाद में यह अपनी बढ़त गंवा बैठा और खबर लिखे जाने तक 907 रुपये की गिरावट के साथ 2,66,091 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में इसने 2,68,093 रुपये का उच्च और 2,65,513 रुपये का निम्न स्तर बनाया। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर सर्वोच्च स्तर छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में नरमी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना 31.50 डॉलर की गिरावट के साथ 4,561.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छुआ था। वहीं कॉमेक्स पर चांदी भी 0.34 डॉलर की गिरावट के साथ 75.53 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जिसका इस वर्ष का उच्चतम स्तर 121.79 डॉलर प्रति औंस रहा है। सतीश मोरे/01जून ---