सेंसेक्स 508 अंक, निफ्टी 165 अंक नीचे आया मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार सोमवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 508.40 अंक नीचे आकर 74,267.34 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 165.15 अंक फिसलकर 23,382.60 पर बंद हुआ। बाजार में आज सभी क्षेत्रों में गिरावट रही। लार्जकैप के साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली दर्ज की गयी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 895.85 अंक टूटकर 60,827.95 और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 159 अंक या नीचे आकर 17,979.80 पर बंद हुआ। निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी इन्फ्रा में सबसे अधिक गिरावट रही। दूसरी ओर निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी मेटल के शेयर उपर आये। सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, इंडिगो, एचसीएल टेक और टाटा स्टील के शेयर लाभ में रहे जबकि एचयूएल, आईटीसी, एनटीपीसी, एमएंडएम, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी, मारुति सुजुकी और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही। बाजार जानकारों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ने और शांति समझौते को लेकर संशय से भी बाजार टूटा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि ईरान के साथ वह करार को लेकर कोई जल्दबाजी में नहीं है। उससे भी निवेशक आशंकित हैं। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली से भी बाजार पर दबाव आया है। शुक्रवार को एफआईआई ने भारतीय बाजारों में 21,106 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। इससे पहले आज सुबह बाजार की अच्छी शुरुआत रही। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 293.10 अंक की बढ़त के साथ 75,076.56 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 50 भी 99.65 अंक मजबूत होकर 23,641.75 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक करीब 3.87 फीसदी की तेज बढ़त के साथ नई ऊंचाई पर पहुंच गया। जापान का निक्केई 225 भी लगभग 0.96 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। वहीं ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 सूचकांक 0.13 फीसदी की मामूली गिरावट में रहा। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.72 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जबकि एसएंडपी 500 सूचकांक 0.22 फीसदी ऊपर बंद हुआ था। ईएमएस 01जून 2026