राष्ट्रीय
01-Jun-2026
...


-नाले में मिला कंकालनुमा शव मेरठ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नेशनल स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रोहटा रोड स्थित एक नाले से मृतका का कंकालनुमा शव बरामद कर लिया है। अनुष्का गत 15 अप्रैल से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता ने कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। करीब डेढ़ महीने तक कोई सुराग न मिलने पर जब परिजनों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, तब पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी श्याम धानक को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से देहरादून का निवासी है और चंडीगढ़ भाग गया था। पहले शराब पिलाई फिर सिर कुचलकर हत्या कर दी पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी रोहटा रोड पर एक फास्ट फूड कॉर्नर चलाता था, जहां अनुष्का अक्सर अपनी सहेली के साथ जाती थी। दुकान के करीब 3600 रुपये के बकाए पैसों को मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान अनुष्का द्वारा मजाक में की गई एक टिप्पणी से नाराज होकर आरोपी ने उसी रात उसका अपहरण कर लिया। आरोपी ने उसे जबरन शराब पिलाई और फिर ईंट से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसने शव को नाले में फेंक दिया और खुद फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/01जून2026